नई टिहरी। वर्षों से मोटर मार्ग निर्माण की मांग को लेकर संघर्षरत टिपरी गांव के ग्रामीणों के लिए शुक्रवार से सड़क निर्माण कार्य शुरू हो गया। टिपरी ब्लॉक मुख्यालय से विभिन्न तोकों को जोड़ते हुए साढ़े तीन किमी लंबी सड़क टिपरी गांव तक पहुंचेगी।
टिहरी विधायक धन सिंह नेगी ने जाखणीधार ब्लाक मुख्यालय टिपरी से गांव के लिए मोटर मार्ग निर्माण कार्य का शुभारंभ करवाया। सड़क स्वीकृत करवाकर निर्माण कार्य शुरू होने पर ग्रामीणों ने विधायक का स्वागत कर आभार जताया। टिपरी गांव की पांच सौ की आबादी लंबे समय से सड़क की मांग कर रही थी। सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीण पैदल नापने को मजबूर थे। विधायक धन सिंह नेगी ने कहा कि चुनाव में किए गए वायदे को पूरा कर गांव तक सड़क निर्माण शुरू हो गया है। सड़क निर्माण पर दो करोड़ 14 लाख खर्च होंगे। उन्होंने कार्यदायी संस्था लोनिवि प्रांतीय खंड के ईई केएस नेगी को एक माह में निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि विधानसभा के अधिकांश गांव सड़क से जोड़ दिए हैं। इस मौके पर पूर्व ब्लाक प्रमुख बेबी असवाल, मेहरबान पंवार, महाजन पंवार, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रविंद्र सेमवाल, मंडल अध्यक्ष उदय रावत, वीर सिंह, देवेंद्र राणा, विनोद बिष्ट, बालकृष्ण भट्ट, देवेंद्र कुंवर आदि मौजूद थे।