नरेंद्रनगर (टिहरी)। राजकीय इंटर कालेज में तीन चरणों में आयोजित इंस्पायर अवार्ड प्रतियोगिता रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न हो गई। प्रतियोगिता में नौ ब्लॉकों से 800 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। उनमें से 80 बाल वैज्ञानिकों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया है।
इंस्पायर प्रतियोगिता के समापन पर जमनालाल बजाज पुरस्कार से सम्मानित धूम सिंह नेगी और सामाजिक कार्यकर्ता सुरेंद्र कंडारी को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख विनीता बिष्ट ने कहा कि वह राज्य स्तर पर जिले का नाम रोशन करें। विशिष्ठ अतिथि नगर पालिका परिषद ढालवाला मुनि की रेती के अध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने भी विचार रखे। सीईओ दिनेश चंद्र गौड़ ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए कालेज प्रबंधन की प्रशंसा की। प्रतिभागी छात्रों को स्कूल बैग, प्रमाण पत्र और टोपी देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता पर्यवेक्षक आयशा नेगी की देखरेख में संपन्न हुई। मूल्यांकन विजय मोहन गैरोला, सूर्यकांत तिवारी, आलोक गौतम और आलोक नौटियाल ने किया। इस मौके पर डीईओ माध्यमिक एसपी सेमवाल, बीईओ ओपी वर्मा, इंस्पायर अवार्ड के जिला संयोजक अलख नारायण दूबे आदि मौजूद थे। डायट के प्राचार्य चेतन प्रसाद नौटियाल, प्रधानाचार्य शशि भट्ट, राम सिंह चौहान, नवीन पंचपुरी, ताजभर नेगी, कलम सिंह गुसाईं अनिल लिंगवाल आदि मौजूद थे।