चंबा (टिहरी)। ऑल वेदर रोड का समान प्रतिकर देने की मांग को लेकर दिखोलगांव के ग्रामीणों का क्रमिक अनशन 19 वें दिन भी जारी रहा। उधर गुल्डी गांव में बिना मुआवजा दिए ऑल वेदर रोड के लिए बाईपास काटने पर ग्रामीणों ने दूसरे दिन भी काम शुरू नहीं होने दिया। नगर क्षेत्र में ऑल वेदर रोड निर्माण योजना के तहत बाईपास के लिए निर्माणाधीन सुरंग योजना का काम अब दूसरी तरफ से भी बंद हो गया है। ऋषिकेश हाईवे पर दिखोल गांव के ग्रामीणों का ऑल वेदर रोड के मुआवजे में सौतेला व्यवहार किए जाने के आरोप में ग्रामीण धरने पर बैठे हैं। अब गुल्डी गांव के ग्रामीणों ने भी प्रतिकर दिए बगैर खेतों पर जेसीबी चलाने का विरोध किया है। जिससे वहां दूसरे दिन भी काम शुरू नहीं हो पाया । ग्रामीणों ने कहा कि सड़क का कटान गलत जगह से किया जा रहा है। उन्होंने पूर्व निर्धारित सर्वे के आधार पर ही सड़क बनाने की मांग की है। विरोध प्रदर्शन करने वालों में जन्मा रावत, प्यारा देवी, अष्टम सिंह रावत, मान सिंह रावत, विशाल सिंह रावत, रणवीर सिंह रावत, सीता देवी और मीरा देवी आदि शामिल थे। ब्यूरो