नई टिहरी। गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में राजपथ पर हुई परेड में शामिल होकर पहाड़ का नाम रोशन करनी वाली टिहरी की बेटी शिवानी रावत के अपने गृह नगर में पहुंचने पर नगरवासियों ने स्वागत किया। साथ ही पांच फरवरी को विभिन्न सामाजिक संगठन अभिनंदन करेंगे।
जवाहर नवोदय विद्यालय पौखाल में कक्षा नौ में पढ़ने वाली शिवानी रावत शनिवार देर शाम को राजपथ पर परेड में शामिल होने के बाद अपने घर नई टिहरी पहुंची थी। इसके लिए शहर में पहुंचने पर लोग शिवानी को शुभकामनाएं देने और स्वागत करने घर पहुंचे। शिवानी के पिता मकान सिंह रावत और माता सीमा रावत ने बताया कि यह क्षण उनके लिए बेहद खुशी भरा है। वहीं राड्स संस्था रानीचौरी और नई टिहरी नागरिक मंच पांच फरवरी को सुबह 11 बजे सामुदायिक मिलन केंद्र बौराड़ी में नागरिक अभिनंदन करेंगे।