घनसाली (टिहरी)। चमियाला नगर पंचायत के वार्ड नंबर चार में छात्रों को जोखिम उठाकर स्कूल पहुंचना पड़ रहा है। पैदल रास्ते को जहां दोनों ओर से अतिक्रमण कर संकरा कर दिया गया है, वहीं रास्ते में कई पाइप लाइनें खुली छोड़ देने से लोगों का आवागमन करना मुश्किल बना हुआ है। लोगों ने खुले में छोड़े गए पाइपों को अंडर ग्राउंड कर जल्द ही रास्ते की मरम्मत कराने की मांग की है।
बरसात के समय रास्ते में पानी भरने से दिक्कतें और बढ़ जाती है, जिससे स्कूली बच्चे कई बार चोटिल हो गए हैं। अभिभावक ममता देवी, सरोजनी, आशा और रजनी ने बताया की रास्ते में पाइप लाइनें खुले में होने से बच्चे कई बार चोटिल हो गए हैं। नगर पंचायत के ईओ वीरेंद्र सिंह पंवार ने कहा कि रास्ते से पाइप लाइन हटवाने के लिए जल संस्थान के साथ निरीक्षण किया जाएगा। उसके बाद ही मरम्मत कार्य किया जाएगा।