नई टिहरी। थौलधार ब्लाक के सेलूर गांव के ग्रामीण ऊर्जा निगम की लापरवाही से इस बार गणतंत्र दिवस अंधेरे में ही मनाएंगे। गांव में लगा विद्युत ट्रांसफार्मर एक सप्ताह पहले खराब हो गया था, जिसके चलते गांव की बत्ती गुल हो रखी है। ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर जलने की सूचना विभाग को भी दी थी, लेकिन खराब ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया है।
गणतंत्र दिवस मनाने के लिए जहां सरकारी, अर्द्ध सरकारी और निजी भवनों को लाइट और लड़ियों से सजाया जा रहा है। वहीं सेलूर गांव में एक सप्ताह से अंधेरे पसरा हुआ है। गांव में लगा विद्युत विभाग का ट्रांसफार्मर एक सप्ताह पहले खराब हो गया था, जिससे गांव में अंधेरा पसरा हुआ है।
ग्रामीण करण डोभाल ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने की शिकायत उपखंड अधिकारी से लेकर जेई और लाइनमैन को लिखित और मौखिक में दी गई थी, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। उपखंड अधिकारी उत्तम सिंह तोमर का कहना है कि भारी बारिश और खराब मौसम के कारण विद्युत आपूर्ति बहाल करने में दिक्कतें आ रही हैं। गांव का ट्रांसफार्मर खराब है। ट्रांसफार्मर बदलने की कार्रवाई की जाएगी।