नई टिहरी। मंगलवार को हुई भारी बर्फबारी से दूसरे दिन भी राहत नहीं मिल पाई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अब भी जनजीवन पटरी पर नहीं आ पाया है। बर्फबारी से जिले में चंबा-मसूरी मोटर मार्ग तीसरे दिन भी बंद रहा, जिससे पर्यटक सुवाखोली और ठांगधार से आगे धनोल्टी नहीं पहुंच पाए। इस बीच काफी बर्फ होने और बुधवार रात को पाला पड़ने से चंबा-मसूरी मोटर मार्ग पर सफर करना काफी जोखिमभरा बन गया है।
बर्फबारी से बने खतरे को देखते हुए पुलिस ने सुवाखोली और काणाताल से आगे धनोल्टी की ओर जाने वाले वाहनों को रोक दिया। मोटर मार्ग पर दोनों तरफ से बर्फ हटाने का काम चल रहा है। बर्फबारी से सकलाना क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति ठप होने के बाद कई गांवों में बृहस्पतिवार को भी आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है। ईई राकेश कुमार बताया कि सकलाना क्षेत्र में विद्युत लाइन की मरम्मत कार्य चल रहा है। बर्फबारी से नगुण-भवान-सुवाखोली, कद्दूखाल-सत्यों, लंबगांव में कौडार-मुखेम और भिलंगना में घुत्तू-रीह-गंगी मोटर मार्ग भी बृहस्पतिवार देर शाम तक नहीं खुल पाया था, जिससे क्षेत्र के लोगों को पैदल ही नापना पड़ा है। संबंधित विभागीय अधिकारियों ने बताया कि सभी सड़कों से बर्फ हटाई जा रही है।