नरेंद्रनगर (टिहरी)। बाईपास मोटर मार्ग पर सड़क की सुरक्षा दीवार लगाने के लिए खुदाई कर रहे एक मजदूर की मलबे में दबने से मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए संयुक्त चिकित्सालय भेजा है।
मौके पर पहुंचे पुलिस उपनिरीक्षक शैलेंद्र नेगी ने बताया कि मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे बाईपास सड़क पर पुश्ता लगाने के लिए मजदूर खुदाई कर रहे थे। इस दौरान ऊपर से सड़क का हिस्सा गिर गया और मजदूर अज्जू उरांव (25) पुत्र गंदूर उरांव निवासी ग्राम मलई, जिला गुमला झारखंड मिट्टी के ढेर के नीचे दब गया। साथी मजदूरों ने मलबे में दबे मजदूर को बाहर निकालकर बीआरओ कर्मचारियों की मदद से संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। ब्यूरो