नई टिहरी। भिलंगना ब्लॉक के सेमल्थ और ढाबसौड़ गांव को सड़क से जोड़ने की मुराद 24 साल पूरी होने जा रही है। सेमल्थ से ढाबसौड़ तक पांच किमी सड़क निर्माण के लिए बीते मार्च में तीन करोड़ की वित्तीय स्वीकृति मिल गई थी। अब टेंडर की सभी औपचारिकताएं पूरी कर कार्यदायी संस्था पीएमजीएसवाई एक दिसंबर से कार्य शुरू करने जा रही है। 19 जनवरी 2020 तक सड़क निर्माण पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सड़क निर्माण होने से सेमल्थ और ढाबसौड़ गांव में निवासरत 250 परिवारों को गांव से बाजार की पैदल दूरी नहीं नापनी पड़ेगी।
लंबे इंतजार के बाद केंद्र सरकार ने 24 साल बाद भिलंगना ब्लॉक के ढाबसौड़ और सेमल्थ गांव को बीते मार्च में सड़क से जोड़ने के लिए हरी झंडी दे दी है। पांच किमी सड़क निर्माण के लिए केंद्र सरकार ने पीएमजीएसवाई के तहत तीन करोड़ की वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी थी। हालांकि इससे पहले 1994 में जिला पंचायत से जखन्याली-सेमल्थ के नाम से हल्का वाहन मोटर मार्ग की स्वीकृति मिली थी, लेकिन वर्ष 2005-6 में मार्ग को भारी वाहन मार्ग के रूप में परिवर्तित किया गया। वर्ष 2009-10 में जखन्याली से सेमल्थ गदेरे तक ढाई किमी सड़क निर्माण किया गया, लेकिन सेमल्थ और ढाबसौड़ गांव सड़क मार्ग से नहीं जुड़ पाए थे। दोनों गांवों में निवासरत 250 परिवारों को बाजार तक पहुंचने के लिए तीन किमी की पैदल दूरी तय करनी पड़ रही थी।
24 साल बाद अब सेमल्थ और ढाबसौड़ गांव के लोगों की सड़क निर्माण की मुराद पूरी होने जा रही है। पीएमजीएसवाई के ईई संजय श्रीवास्तव ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए टेंडर की सभी औपचारिकताएं पूरी कर ठेेकेदार का अनुबंध भी हो चुका है। 19 जनवरी 2020 तक सेमल्थ और ढाबसौड़ गांव तक सड़क निर्माण पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।