कंडीसौड़ (टिहरी)। थौलधार ब्लॉक के मैंडखाल क्षेत्र के एक दर्जन गांव के लोगों को मैंडखाल-ल्वाणी मोटर मार्ग पर सुगम सफर के लिए अभी लंबा इंतजार करना होगा। नौ करोड़ 12 लाख की लागत से मैंडखाल-ल्वाणी 12 किमी सड़क का चौड़ीकरण, डामरीकरण और नाली निर्माण होना था, लेकिन टेंडर प्रक्रिया में ठेेकेदार निविदा शर्तों को पूरा नहीं कर पाए। कार्यदायी संस्था पीएमजीएसवाई ने टेंडर की प्रक्रिया को निरस्त कर दिया है। अब दोबारा टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे।
ब्लॉक के ल्वाणी, गाफर, बनस्यूल, भंडारकी, कस्तल, गैर, लोलदी, क्यार और तेलवाडी आदि गांवों में निवासरत लोगों को यातायात की सुविधा मुहैया कराने के लिए वर्ष 2010-11 में मैंडखाल से ल्वाणी तक 12 किमी सड़क का निर्माण किया गया था। हल्का वाहन मोटर मार्ग का डामरीकरण नहीं होने से सड़क जर्जर बनी है। संकरी सड़क होने से लोगों को जीप-टैक्सियों में जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ता है। क्षेत्रवासियों की मांग पर सड़क चौड़ीकरण, डामरीकरण और नाली निर्माण के लिए केंद्र सरकार ने बीते अगस्त माह में 9 करोड़ 12 लाख की धनराशि जारी की थी।
मैंडखाल-ल्वाणी सड़क सुधारीकरण के लिए धनराशि मिलने से क्षेत्र के लोगों को उम्मीद जगी थी कि अब उन्हें चुनौतियों के बीच सफर नहीं करना पड़ेगा, लेकिन टेंडर की प्रक्रिया निरस्त होने पर स्थानीय लोगों के हाथ मायूसी लगी है। कस्तल के प्रधान प्रेमलाल भट्ट, जयेंद्र सेमवाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य रोबिन पंवार, भूरिया सिंह, गुलाब ङ्क्षसह, केशर सिंह व उत्तम सिंह ने पीएमजीएसवाई से शीघ्र सड़क चौड़ीकरण और डामरीकरण कार्य शुरू करने की मांग की है।
मैंडखाल-ल्वाणी मोटर मार्ग का डामरीकरण, चौड़ीकरण और नाली निर्माण के लिए बीते माह टेंडर हुआ था, लेकिन टेंडर प्रक्रिया में निविदा शर्तों को पूरा न कर पाने के कारण टेंडर निरस्त कर दिया गया है।
-सुमित सैनी, जेई, पीएमजीएसवाई टिहरी