नई टिहरी/घनसाली। जाखणीधार ब्लाक के कस्तल गांव में एक बार फिर से गुलदार सक्रिया हो गया है। एक सप्ताह से गांव के आसपास गुलदार आ धमक रहा है। वहीं भिलंगना ब्लाक के भी कई गांव में गुलदार से ग्रामीण परेशान हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि एक सप्ताह से सुबह और शाम को गुलदार गांव के आसपास दिखाई दे रहा है। उन्होंने वन विभाग से पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने की मांग की। इस संबंध में पौखाल रेंज के वन क्षेत्राधिकारी ओम प्रकाश शाह ने बताया कि सूचना मिलते ही गांव में वन कर्मियों को भेजा गया है। वहीं भिलंगना के कुंडी, बणसू, टुंगरी, किरेथ, चिलियालगांव आदि में एक माह से गुलदार सक्रिया है। गुलदार आधा दर्जन से अधिक पशुओं को अपना निवाला बना चुका है। प्रधान लक्ष्मी पंवार, बीर सिंह ने बताया कि गुलदार की डर से महिलाएं चारापत्ति के लिए जंगल नहीं जा पा रहे हैं। उन्होंने वन विभाग से गुलदार की दहशत से निजात दिलाने की मांग की।