नई टिहरी। फिल्म निर्देशक श्रीनारायण सिंह की फिल्म ‘बत्ती गुल मीटर चालू’ शुक्रवार 21 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। टी-सीरीज के बैनरतले बने फिल्म के निर्माता भूषण कुमार हैं। फिल्म की अधिकांश शूटिंग नई टिहरी सहित उत्तराखंड की वादियों में हुई है। नई टिहरी के प्राकृतिक नजारों को रुपहले पर्दे पर देखने के लिए लोग आतुर हैं। शुक्रवार को मोहर्रम का अवकाश होने के कारण त्रिहरि सिनेमा हॉल नई टिहरी में फिल्म के हाउसफुल होने की उम्मीद है। अब तक 200 लोगों ने फिल्म के लिए एडवांस बुकिंग कर दी है।
नौ फरवरी को नई टिहरी में निर्देशक श्रीनारायण सिंह की फिल्म ‘बत्ती गुल मीटर चालू’ की शूटिंग का मुहूर्त सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने किया था। फिल्म में शाहिद कपूर, श्रद्धा कपूर, दिव्यांदू शर्मा, सुधीर मिश्रा, यामी गौतम, फरीदा जलाल मुख्य भूमिकाओं में है। फिल्म की शूटिंग नई टिहरी के पड़ियार हाउस, बौराड़ी के होटल मधुबन, टीसीआर होटल, बस अड्डा, बौराड़ी स्टेडियम, सैयद हाउस, कोर्ट कंपाउंड, वन चेतना केंद्र, टिहरी झील, चंबा, धनोल्टी, मसूरी, ऋषिकेश, देवप्रयाग और देहरादून में हुई है।
फिल्म बिजली चोरी पर आधारित है। श्रद्धा कपूर गढ़वाली युवती ललिता नौटियाल की भूमिका में है, जो बौराड़ी में एक बुटीक चलाती हैं, जबकि शाहिद कपूर और यामी गौतम वकील की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म के अधिकांश भागों में टिहरी में शूटिंग होने के कारण लोगों में फिल्म देखने की खूब उत्सुकता है। नई टिहरी के त्रिहरि सिनेमा हॉल में शुक्रवार को फिल्म प्रदर्शित होगी। सिनेमा हॉल के संचालक अंकित गुप्ता ने बताया कि हॉल में कुल 358 सीटें हैं, जिनमें से 130 सीटें सुपर डीलक्स और 228 सामान्य सीटें हैं। बताया कि हॉल में रोजाना दोपहर 12 बजे, अपराह्न तीन, शाम छह बजे शो संचालित होते हैं। ‘बत्ती गुल मीटर चालू’ फिल्म को देखने के लिए अब तक 200 सीटों की एडवांस बुकिंग हो चुकी है। उम्मीद है कि इस पूरे सप्ताह में लोग फिल्म देखने को पहुंचेंगे। पालिका के निवर्तमान अध्यक्ष उमेश चरण गुसाईं ने बताया कि उन्होंने विशेष प्रयास कर फिल्म की शूटिंग नई टिहरी में करवाई थी। कहा कि टिहरी के पर्यटन को आगे बढ़ाने के लिए यह फिल्म मील का पत्थर साबित होगी। भविष्य में अन्य फिल्मकार भी टिहरी की खूबसूरत वादियां और टिहरी झील के बेहतरीन नजारों को देखकर फिल्म शूटिंग के लिए यहां आएंगे।