कंडीसौड/चंबा। मानदेय और टीए का भुगतान सहित नेट पैक सुविधा देने, नए वेतन अनुसार बढ़ोत्तरी करने की मांग को लेकर थौलधार और चंबा ब्लॉक के मनरेगा कर्मी मंगलवार को भी कार्य बहिष्कार पर डटे रहे। मांग के समर्थन में उन्होंने ब्लॉक मुख्यालय में धरना देकर प्रदर्शन किया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की जाती है, तब तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।
मंगलवार को ब्लॉक मुख्यालय में चल रहे धरनास्थल में उन्होंने कहा कि सरकार उनके द्वारा मनरेगा जैसी महत्वपूर्ण योजना का कार्य तो करवा रही है, लेकिन मानदेय और अन्य सुविधाएं देने की मांग पर कोई ध्यान नहीं दे रही है। मनरेगा कर्मियों के आंदोलन को कांग्रेस जिलाध्यक्ष सूरज राणा, ज्येष्ठ प्रमुख नरेंद्रचंद रमोला और शहर अध्यक्ष राजेश्वर बडोनी ने भी समर्थन दिया है। प्रदर्शनकारियों में विजय रमोला, डीपी डोभाल, महेश नेगी, रमेश रमोला, दिनेश कुमार, दीपा धीमान, नरेश चमोली और कृष्ण कुमार बहुगुणा, राजेंद्र नौटियाल, उत्तम भंडारी, ओम प्रकाश, सतीश, प्रमोद, नैन सिंह आदि शामिल थे। ब्यूरो