लंबगांव (टिहरी)। लंबगांव-प्रतापनगर मोटर मार्ग पर एक कार दुर्घटनाग्रस्त होने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। प्रतापनगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल बौराड़ी रेफर किया गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौंड में कार्यरत डॉक्टर डा. तजेंद्र के अनुपस्थित रहने पर सीएमओ ने उनका वेतन रोकने के साथ ही जवाब-तलब किया है।
लंबगांव बाजार से मंगलवार रात एक कार प्रतापनगर जा रही थी। सुजड़ गांव के समीप कार अनियंत्रित होकर 20 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। दुर्घटना में देवल गांव निवासी रोशन प्रसाद (35) पुत्र रामेश्वर प्रसाद सेमवाल की मौके पर ही मौत हो गई थी। कार चालक जगदीश (35) पुत्र श्याम लाल, मुकेश (32) पुत्र दर्शन लाल, चंद्र मोहन (28) पुत्र बारेश्वर, जयदेव (28) पुत्र गोविंद राम, लुद्री दत्त (60) पुत्र देवानंद सभी देवल गांव निवासी घायल हो गए थे। घायलों को खाई से निकाल कर पुलिस निजी वाहनों से उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौंड ले गई, लेकिन वहां डॉक्टर नदारद रहने पर फिर उन्हें पीएचसी प्रतापनगर ले जाया गया।
पांच घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रतापनगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से उन्हें जिला अस्पताल बौराड़ी रेफर किया गया है। बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौंड में मृतक का पोस्टमार्टम कर पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। पोस्टमार्टम होने के बाद डा. तजेंद्र अस्पताल पहुंचे। पूर्व विधायक विक्रम सिंह नेगी, ब्लॉक प्रमुख रेश्मा बगियाल, उदय रावत, मुरारी लाल खंडवाल, रोशन रांगड़, शीशपाल रांगड़ ने दुर्घटना पर दुख जताया। मृतक के परिजनों को पांच लाख और घायलों को ढाई लाख मुआवजा देने की मांग की है। वहीं सीएमओ डा. भागीरथी जंगपांगी का कहना है कि बिना अवकाश स्वीकृत के 15 अगस्त से नदारद चल रहे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौंड के डा. तजेंद्र का वेतन पहले ही रोका जा चुका है। उनका जवाब-तलब किया गया है। दोबारा उन्हें नोटिस भेजा जा रहा है। स्वास्थ्य महानिदेशक को भी डॉक्टर के नदारद रहने की शिकायत भेज दी गई है।