चंबा(टिहरी)। विधायक धन सिंह नेगी ने चंबा ब्लॉक जड़धार गांव, इंडवालगांव, कुमारधार और भाटूसैण का भ्रमण कर समस्याएं सुनी। उन्होंने पूर्व के जनप्रतिनिधियों पर आरोप लगाया कि यदि समय रहते जड़धार के तोकों को राजस्व ग्राम बनाया होता तो, गांव के तोक भी पीएमजीएसवाई की सड़कों से जुडे जाते। कहा कि वर्तमान में तोकों को राजस्व गांव बनाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बुधवार को जड़धार गांव पहुंचे विधायक धन सिंह नेगी का ग्रामीणों ने स्वागत किया। प्रधान सुनीता देवी, पंकज बरवाण समेत कई ग्रामीणों ने पेयजल, पेंशन, स्वास्थ्य आदि समस्याओं से अवगत कराया। विधायक ने जूनियर हाईस्कूल और प्राथमिक विद्यालय जड़धार गांव के लिए फर्नीचर भी दिए। बताया कि क्षेत्र मांडई में एक करोड़ की लागत से विपणन केंद्र बनाया जा रहा है। केंद्र बनने से ग्रामीणों के उत्पादों को सही दाम मिलेंगे। उन्होंने इंडवाल गांव और भाटूसैण के ग्रामीणों को आश्वासन दिया है, जल्द ही पेयजल योजना का निर्माण किया जाएगा। बताया कि पसोल, गुनियार और डंगवाल को राजस्व गांव बनाने की पहल शुरू कर दी गई है। जल्द ही गांव के तोकों को सड़क से जोड़ा जाएगा। इस मौके पर मनोज नकोट, जगदंबा बेलवाल, विजय जड़धारी, शिव सिंह जड़घारी, भरत सिंह जड़धारी, शूरवीर सिंह, राजेंद्र नेगी आदि मौजूद थे।