लंबगांव (टिहरी)। टिहरी बांध प्रभावित प्रतापनगर क्षेत्र के लोगों के लिए खुशखबरी है। उच्च शिक्षा निदेशालय ने अगरोड़ा महाविद्यालय में इसी सत्र से एमए राजनीतिशास्त्र और भूगोल विषय में प्रवेश शुरू करने के लिए हरी झंडी दे दी है। महाविद्यालय प्रशासन ने 10 सितंबर से एमए में प्रवेश शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली है।
बांध प्रभावित प्रतापनगर क्षेत्र के अगरोड़ा में वर्ष 2003-04 में महाविद्यालय की स्वीकृति मिली थी। फिलहाल महाविद्यालय में सिर्फ बीए की कक्षाएं संचालित होती है। बीएससी और एमए की कक्षाएं शुरू करने की मांग क्षेत्र के लोग लंबे अर्से से करते आ रहे थे। बीते मार्च में मांग के समर्थन में छात्रों ने कई दिन तक धरना-प्रदर्शन भी किया था। हालांकि वर्ष 2011 में उच्च शिक्षा निदेशालय की पैनल टीम ने बीएससी और एमए की कक्षाएं शुरू करने के लिए महाविद्यालय का निरीक्षण भी किया था। छात्रों के आंदोलन के बाद हरकत में आए उच्च शिक्षा निदेशालय ने पैनल टीम की रिपोर्ट तलाश कर शासन में पहुंचाई।
लंबे इंतजार के बाद उच्च शिक्षा निदेशालय ने अगरोड़ा महाविद्यालय में एमए राजनीति शास्त्र और भूगोल विषय की स्वीकृति दे दी है। प्राचार्य डा. जानकी पंवार ने बताया कि एमए राजनीतिशास्त्र में 30 सीटें और भूगोल विषय में 25 सीटों पर प्रवेश शुरू करने की स्वीकृति मिल चुकी है। 10 सितंबर से दोनों विषयों में प्रवेश शुरू किया जाएगा। छात्र संघ अध्यक्ष अंकित थपलियाल, पूर्व अध्यक्ष मनीष चौहान, प्रीति रावत, कैलाश राणा, रोहित कुमार, शिवानी चौहान ने एमए की स्वीकृति मिलने पर खुशी जताई है।