थत्यूड़ (टिहरी)। जौनपुर ब्लॉक के रौतूकीबेली, भांसारी, ब्रह्मसारी और डबरालगांव में अब शादी-विवाह और चूड़ाकर्म संस्कार और धार्मिक आयोजनों में कॉकटेल पार्टी नहीं होगी। धार्मिक आयोजन में मेहमानों को शराब परोसने वाले परिवार का सामूहिक रूप से सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा।
बृहस्पतिवार को जौनपुर के ब्लॉक प्रमुख कुंवर सिंह पंवार की अध्यक्षता में रौतूकीबेली में उक्त चारों गांवों के लोगों की बैठक हुई। इसमें स्थानीय लोगों ने शराब के बढ़ते प्रचलन पर चिंता जताई। ब्लॉक प्रमुख पंवार ने कहा कि शराब से जहां परिवार पर आर्थिक बोझ पड़ता है, वहीं शराब पीकर हुड़दंग मचाने से गांव का माहौल खराब होता है। कई बार गांव में झगड़े की स्थिति भी पैदा हो जाती है। बैठक में ग्राम प्रधान रौतूकीबेली कविता रावत, ब्रह्मसारी के प्रधान पृथ्वी सिंह रावत, वन पंचायत सरपंच शैलेंद्र भंडारी, पीटीए अध्यक्ष सुंदर सिंह बिष्ट, मानवेंद्र सिंह, मेहरबान सिंह, सरदार सिंह रावत, सरोप सिंह, जयवीर सिंह, गंभीर सिंह, रघुवीर सिंह, त्रिलोक सिंह, राजेश सिंह, दिनेश सिंह, विक्रम सिंह व भगत सिंह आदि मौजूद रहे।