कंडीसौड़ (टिहरी)। थौलधार ब्लॉक की बीडीसी बैठक का प्रधानों ने बहिष्कार कर दिया। ग्राम पंचायतों का सोशल ऑडिट और एसआईटी जांच कराने का प्रधानों ने जमकर विरोध किया। अधिकारियों को सदन से बाहर बुलाकर प्रधानों ने ब्लॉक सभागार में तालाबंदी कर दी। इस कारण अधिकारियों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों को बैंरग लौटना पड़ा। प्रधानों ने एसआईटी जांच और सोशल ऑडिट जांच का शासनादेश वापस लेने की मांग प्रमुखता से उठाई।
बृहस्पतिवार को कंडीसौड़ ब्लॉक सभागार में बीडीसी की बैठक ब्लॉक प्रमुख बबीता शाह की अध्यक्षता में हुई। सबसे पहले सदन ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, ग्राम प्रधान हुकम सिंह राणा और ब्लॉक कर्मी जयवीर सिंह रावत के आकस्मिक निधन पर दो मिनट कर मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके बाद प्रधानों ने सदन में नारेबाजी करते हुए अधिकारियों को बाहर चलने को कहा। ब्लॉक प्रमुख शाह और कनिष्ठ प्रमुख कुलदीप पंवार ने ग्राम प्रधानों से कहा कि जो भी समस्याएं हैं, उनको सदन के माध्यम से पारित कर निस्तारण के लिए सरकार को भेजा जाएगा, लेकिन प्रधान नहीं माने और उन्होंने सभी को सदन से बाहर कर सभागार कक्ष पर तालाबंदी कर दी। इसके बाद सभी विभागीय अधिकारियों को बैंरंग लौटना पड़ा।
बाद में प्रधानों ने डीडीओ आनंद सिंह भाकुनी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में कहा गया है कि ग्राम पंचायतों का ही सोशल ऑडिट क्यों कराया जा रहा है। सांसद, विधायक, जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत के कार्यों की एसआईटी जांच और सोशल ऑडिट क्यों नहीं कराया जा रहा है। प्रदर्शन करने वालों में प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष महावीर सिंह, गंभीर सिंह, नत्थी सिंह, राजेंद्र प्रसाद, चिंरजीव लाल, उम्मेद सिंह, नरेंद्र राणा व निहाल सिंह आदि शामिल रहे।