नैनबाग(टिहरी)। राजकीय महाविद्यालय में बीए में गृह विज्ञान, शिक्षा शास्त्र, संस्कृत विषय, एमए की कक्षा शुरू करने और विद्यालय में फर्नीचर समेत कई मांगों को लेकर छात्र-छात्राओं का चल रहा आंदोलन तहसीलदार के लिखित आश्वासन पर स्थगित हो गया है।
महाविद्यालय की समस्याओं को लेकर छात्र-छात्राएं 13 अगस्त से क्रमिक अनशन पर बैठे थे। उन्होंने मांगें पूरी न होने पर कालेज में तालाबंदी की चेतावनी दी थी। बृहस्पतिवार को तहसीलदार जेएस राणा और कैंपटी थानाध्यक्ष प्रकाश पोखरियाल ने महाविद्यालय पहुंचकर छात्रों से वार्ता की। उन्होंने बताया कि छात्रों की मांगों को लेकर शासन-प्रशासन गंभीर है। उम्मीद है कि जल्द ही समस्याओं का निराकरण होगा। तहसीलदार व थानाध्यक्ष के आश्वासन पर छात्रों ने क्रमिक अनशन और धरना समाप्त कर दिया। तहसीलदार ने छात्रों को जूस पिलाकर लिखित आश्वासन दिया। इस मौके पर छात्र संघ अध्यक्ष महेश तोमर, राकेश सिंह, विपिन रावत, सुमित गौड़, नितिन नेगी, संजय रावत, हिमानी, रितेश तोमर, राजमोहन, प्रदीप रावत, गोविंद, अंकित, कुसुम चौहान, रेनू विश्वकर्मा, रजनी व कल्पना मौजूद थे। ब्यूरो