नई टिहरी। बिना मानक पूरे किए गजा तहसील के चाका बाजार में प्रशांत विश्वास के नाम से संचालित दो बेड का निजी अस्पताल और मेडिकल स्टोर जिला प्रशासन ने मंगलवार को सील कर दिया है। मेडिकल स्टोर से डीएम सोनिका ने प्रतिबंधित दवाइयां बरामद की है।
मंगलवार को डीएम गजा खरसाड़ा में आयोजित तहसील दिवस से लौट रही थी। तभी चाका बाजार में उनकी नजर एक प्राइवेट अस्पताल पर पड़ी। अस्पताल का निरीक्षण करने पर डीएम ने पाया कि दो बेड का अस्पताल बिना मानकों का चल रहा है। मेडिकल स्टोर में ऐसी दवाइयां पाई गई, जिन्हें बेचना गैर कानूनी है। एसडीएम नरेंद्रनगर लक्ष्मी राज चौहान ने बताया कि डीएम के निर्देश पर निजी अस्पताल और मेडिकल स्टोर को मौके पर ही सील कर दिया गया है। इससे पहले तहसील दिवस में डीएम ने लोगों की समस्याएं सुनी। तहसील दिवस में 80 शिकायतें दर्ज हुई, जिनमें से 35 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। अधिकांश शिकायतें वृद्धावस्था और विकलांग पेंशन संबंधी रही।
ग्राम रणाकोट के मानसिक रोग से ग्रस्त देवी सिंह (16) का डीएम ने सीएमओ को देहरादून स्थित कोरेनेशन अस्पताल में उपचार करने को कहा। जाजल इंटर कॉलेज में दो वर्षों से अंग्रेजी का प्रवक्ता न होने पर डीएम ने डीईओ माध्यमिक को वैकल्पिक व्यवस्था पर शिक्षक तैनात करने को कहा। इस मौके पर डीडीओ आनंद सिंह भाकुनी, सीएमओ डा. भागीरथी जंगपांगी, सीओ जेपी जुयाल, लूथा सिंह, ज्ञान सिंह, पार्वती देवी, दुलारी देवी, विमला देवी, चंदन सिंह, मगन सिंह आदि उपस्थित रहे।