घनसाली (टिहरी)। चमियाला-नागेश्वरसौड़-केमुंडाखाल मोटर मार्ग पर टैक्सी चालकों की ओर से मनमाफिक किराया वसूले जाने से नाराज ग्रामीणों ने देवलेश्वर के पास जाम लगा दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबे कतारें लग गई। मौके पर पहुंचे एसडीएम ने ग्रामीणों को समझा कर जाम को खुलवाया।
सोमवार को चामियाला-केमुंडाखाल मोटर मार्ग पर देवलेश्वर के ग्रमीणों ने गांव के पास ही टैक्सी चालकों पर सवारियों से मनमाफिक किराया वसूलने का आरोप लगाते हुए सुबह नौ से 10 बजे तक जाम लगा दिया। उन्होंने टैक्सी चालकों और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि वर्तमान में मार्ग पर बस सेवा बंद है, जिसके चलते टैक्सी चालक दोगुना किराया वसूल रहे हैं। कहा कि पुलिस प्रशासन से कई बार शिकायत करने पर भी निर्धारित किराया से ज्यादा धनराशि ली जा रही है। एक घंटे रहे जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबे लाइन लग गई, जिससे आवागमन करने वालों को परेशानी झेलनी पड़ी। सूचना पर पहुंचे एसडीएम पीआर चौहान ने ग्रामीणों को समझा-बूझाकर चालकों को ज्यादा किराया न वसूलने के निर्देश दिए। एसडीएम के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम खुला। इस मौके पर देवेंद्र सिंह, भगवान सिंह, जबर सिंह, खुशाल सिंह, जसवीर, प्रमोद, मोहन, रमेश, दिनेश आदि मौजूद थे।