नई टिहरी। गौ गंगा कृपाकांक्षी गोलोक धाम से जुड़े लोगों ने गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग को लेकर जिला मुख्यालय, चंबा और कोटीकालोनी में मौन जुलूस निकाला। गो भक्तों ने कलक्ट्रेट परिसर में सांकेतिक धरना देते हुए प्रधानमंत्री को पांच सूत्री ज्ञापन भेजा।
उन्होंने गाय को राष्ट्र माता का सम्मान देकर गो मंत्रालय अलग करने, गाय के गोबर का खाद और गोबर गैस के रूप में उपयोग कर गाय पालक को गोबर का उचित मूल्य देने, 10 वर्ष तक के बच्चों को भारतीय गाय का दूध उपलब्ध कराने, जर्सी गाय पर प्रतिबंध लगाने, गो चरान की व्यवस्था करने और गो हत्या को मनुष्य हत्या के समान मानकर मृत्युदंड की श्रेणी में रखने की मांग की है। इन मांगों को लेकर नौ सितंबर को देहरादून में विशाल रैली निकाली जाएगी। उधर, चंबा में प्रतिनिधिमंडल ने बाजार में घूम रहे गोवंश के संरक्षण की मांग की है। ज्ञापन भेजने वालों में चंडी प्रसाद भट्ट, घनानंद डोभाल, सूर्यमणि भट्ट, जेपी नौटियाल, भगवती प्रसाद सेमल्टी, शोभनी धनोला, सरोजनी, राजेश्वरी, विमला, तारा रमोला, सोनी, पार्वती, उर्मिला, सोबती, सरस्वती और सुबदा चौहान आदि शामिल थे। ब्यूरो