नई टिहरी। परिसीमन के बाद बढ़े हुए जिला नियोजन समिति (डीपीसी) के तीनों पदों पर भाजपा के सदस्यों का निर्विरोध निर्वाचन हो गया। टिहरी जिले में अब डीपीसी सदस्यों की संख्या 15 से बढ़कर 18 हो गई है। नाम वापसी के अंतिम दिन बृहस्पतिवार को थौलधार कोटीगाड़ की रेखा पुंडीर और जाखणीधार के ग्राम मिंगवाली अंजनीसैण की शांति देवी ने अपना नामांकन वापस ले लिया है।
सहायक रिटर्निंग आफिसर जिला योजना समिति शिव चरण द्विवेदी ने बताया कि शुक्रवार को जिला योजना समिति के तीन सदस्य पदों के मतदान होना था, लेकिन नाम वापसी के अंतिम दिन दो सदस्यों ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। नाम वापसी के बाद चंबा ब्लॉक के घरगांव की अर्चना पुंडीर, भिलंगना थाती गांव के राजेंद्र सिंह बिष्ट और थौलधार के ग्राम बैलगांव से सरस्वती देवी का निर्विरोध निर्वाचन हो गया है, जिसकी अधिकारिक घोषणा शुक्रवार को होगी। जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण ने डीपीसी सदस्यों के निर्विरोध निर्वाचन होने पर उन्हें बधाई दी है।