नई टिहरी। घनसाली में जिला पंचायत की ओर से निर्माणाधीन दुकानों का मामला डीएम दरबार में पहुंच गया। डीएम ने इस मामले में एसडीएम घनसाली से जांच रिपोर्ट तलब की है। नगर पंचायत के ईओ को भूमि आवंटन का प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने को कहा है। शुक्रवार को ठेकेदार की जब्त निर्माण सामग्री नगर पंचायत ने शनिवार को लौटा दी है।
घनसाली में चमियाला मोटर मार्ग पर शौचालय के ऊपर जिला पंचायत की ओर से दुकानों का निर्माण किया जा रहा है। बीते दिन एसडीएम पीआर चौहान और नगर पंचायत के ईओ कुलदीप नैथानी ने निर्माण कार्य बंद कर दिया था। नगर पंचायत ने जिला पंचायत पर भूमि पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया था। ईओ का कहना था कि यह भूमि नगर पंचायत की है, जिस पर एसडीएम ने निर्माण स्थल पर पड़ी ठेकेदार की डेढ़ क्विंटल सरिया जब्त कर ली थी।
शनिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण ने डीएम को पत्र भेजकर दुकानों का निर्माण बंद करने और सरिया जब्त करने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने बताया कि 2010-11 में एसडीएम घनसाली ने खुद जिला पंचायत को यह भूमि आवंटित की है। शौचालय निर्माण जिला पंचायत ने किया था। आय के स्रोत बढ़ाने के लिए अब जिला पंचायत वहां पर दुकानों का निर्माण कर रही है। उन्होंने डीएम से जांच कर निर्माण कार्य बंद करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। डीएम सोनिका ने बताया कि एसडीएम घनसाली को जांच कर शीघ्र रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया है। एसडीएम पीआर चौहान ने बताया कि ठेकेदार की जब्त की गई निर्माण सामग्री लौटा दी है।