नई टिहरी। उत्तराखंड कार्मिक, शिक्षक, आउटसोर्सिंग संयुक्त मोर्चा की बैठक में लंबित समस्याओं का निराकरण न होने पर रोष व्यक्त किया गया। उन्होंने कहा कि जल्द समस्याओं का निराकरण न होने पर 27 अगस्त से बेमियादी हड़ताल शुरू की जाएगी।
वन चेतना केंद्र में मोर्चा के मुख्य संयोजक डीपी चमोली की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में शिक्षकों को सेवाकाल में तीन पदोन्नति अथवा एसीपी का लाभ दिया जाए, 46 सौ ग्रेड वेतन प्राप्त शिक्षकों को 17140 रुपये वेतन अनुमन्य कर संवर्गीय वेतन विसंगति दूर करने, चतुर्थ वर्गीय कर्मियों को तृतीय एसीपी के तहत 42 सौ का ग्रेड वेतन देने, सार्वजनिक निगमों, उपक्रमों में सातवें वेतन का एरियर भुगतान, सभी कर्मचारियों को यू-हेल्थ कार्ड का लाभ, दैनिक वेतन भोगी, आउट सोर्सिंग, उपनल कर्मियों को नियमित करने समेत 13 सूत्री मांगों के लिए चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति बनाई गई। तीन अगस्त को दीनदयाल पार्क से हनुमान चौक तक शाम को कैंडल मार्च, सात को मशाल जुलूस, 13 को प्रेस से मिलिए कार्यक्रम, 17 को सीएम आवास घेराव, 23 से 25 को प्रदेशभर में सामूहिक अवकाश और 27 से अनिश्चितकालीन कार्यबहिष्कार शुरू किया जाएगा। इस मौके पर प्रताप सिंह चौहान, अजयपाल पंवार, रतन सिंह शाह, त्रिलोक नेगी, पीएस नयाल, जीतमणी सेमवाल, बलवीर बिष्ट, केआर रतूड़ी, आरपी चमोली, जयपाल बेलवाल, एचएम ममगाईं आदि मौजूद थे।