नई टिहरी। श्रीदेव सुमन विवि प्रशासन नए शिक्षा सत्र जुलाई से विवि मुख्यालय बादशाहीथौल में कैंपस कॉलेज शुरू करने की कवायद में जुट गया है। बीकॉम ऑनर्स और वाटर स्पोर्ट्स पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए विवि प्रशासन को करीब 50 करोड़ बजट की जरूरत पड़ेगी। वाटर स्पोर्ट्स का पाठ्यक्रम विवि प्रशासन सालभर पहले तैयार कर चुका है। फैकल्टी तैनाती करने के लिए विवि ने प्रस्ताव तैयार कर लिया है। पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए चार प्रोफेसर और दस असिस्टेंट प्रोफेसरों की जरूरत होगी।
उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डा. धन सिंह रावत ने 25 जुलाई को अमर शहीद श्रीदेव सुमन की शहादत दिवस पर विवि मुख्यालय बादशाहीथौल में अगले सत्र से बीकॉम ऑनर्स और वाटर स्पोर्ट्स पाठ्यक्रम शुरू करने की घोषणा की थी। इसके बाद विवि प्रशासन कैंपस कॉलेज शुरू करने की तैयारियों में जुट गया है। विवि के अधिकारियों का मानना है कि देश में जीएसटी लागू होने के बाद कामर्स में प्रवेश लेने के लिए युवाओं का रुझान बढ़ा है। सत्र से विवि से संबद्ध कॉलेजों में जीएसटी पाठ्यक्रम बीकॉम और एमकॉम में पढ़ाया जा रहा है।
42 वर्ग किमी क्षेत्र में फैली टिहरी बांध की झील में विवि को वाटर स्पोर्ट्स के क्षेत्र में अधिक संभावनाएं नजर आ रही है। बीकॉम ऑनर्स और वाटर स्पोर्ट्स में रोजगार की अधिक संभावनाओं को देखते हुए विवि प्रशासन ने प्रदेश सरकार को परंपरागत पाठ्यक्रमों को छोड़कर नए कैंपस में दोनों पाठ्यक्रम शुरू करने का प्रस्ताव सौंपा था। उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डा. रावत ने प्रस्ताव स्वीकार करते हुए नए सत्र से कैंपस कॉलेज शुरू करने पर सहमति दी है।
विवि मुख्यालय बादशाहीथौल में नए सत्र से बीकॉम ऑनर्स और वाटर स्पोर्ट्स पाठ्यक्रम संचालित करने की तैयारी की जा रही है। नए पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए भवन की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि विवि को जूनियर हाईस्कूल बादशाहीथौल का भवन मिल जाता है, तो नए पाठ्यक्रम शुरू करने में कोई भी अड़चन आड़े नहीं आएगी। वाटर स्पोर्ट्स का पाठ्यक्रम विवि के पास तैयार है।
-डा. यूएस रावत, कुलपति श्रीदेव सुमन विवि