भाईचारा का संदेश देने निकल पड़े साइकिल यात्रा पर
भटिंडा पंजाब के 60 वर्षीय राजेंद्र साइकिल से कर चुके 3000 किमी की यात्रा
कंडीसौड़ (टिहरी)। आतंकवाद का खात्मा करने और भाई चारा का संदेश देने के लिए 60 साल की उम्र में राजेंद्र गुप्ता साइकिल से भटिंडा पंजाब से गंगोत्री और यमुनोत्री की यात्रा पर पहुंचे हैं। गोमुख से गंगाजल लेकर अब वे भटिंडा लौट रहे हैं। चार माह में वे साइकिल से तीन हजार किमी की यात्रा कर चुके हैं।
राजेंद्र गुप्ता भटिंडा पंजाब के शिव मंदिर में सेवादार हैं। भाई चारा का संदेश देने के लिए राजेंद्र ने 20 मार्च 2018 को साइकिल से भटिंडा से अमरनाथ की यात्रा शुरू की थी। यात्रा के दौरान लोगों का समर्थन मिलने से उत्साहित होकर वह माता वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए चल पड़े। फिर मन में गोमुख से गंगाजल लेने की इच्छा हुई। बिना रुके ही वे वैष्णो देवी से 20 जून को हरिद्वार पहुंचे। हरिद्वार से बड़कोट होते हुए पहले दर्शनों के लिए यमुनोत्री धाम पहुंचे। वहां से गंगोत्री होते हुए गंगा जल लेने गोमुख गए। बताया कि विश्व शांति की कामना को लेकर गोमुख के गंगाजल से नौ अगस्त को भटिंडा शिव मंदिर में जलाभिषेक किया जाएगा।
राजेंद्र गुप्ता ने बताया कि पिछले चार माह में वह साइकिल से तीन हजार किमी की यात्रा कर चुके हैं। साइकिल से प्रतिदिन वह 55 से लेकर 60 किमी की दूरी तय करते हैं। बताया वह 30 वर्षों से देशभर के विभिन्न धार्मिक स्थानों की यात्रा करते आ रहे हैं।