चंबा (टिहरी)। नवोदित युवा प्रतिभाओं को निखारने के लिए द टिहरी हॉपर्स डांस एकेडमी की ओर से डांस कंपटीशन का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने क्लासिकल, हिपहॉप, फ्रीस्टाइल सहित कई डांस फार्म का मंचन कर कला और हुनर का प्रदर्शन किया।
नगर के एक होटल में आयोजित डांस कंपटीशन में नवोदित कलाकारों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में कलाकारों ने गढ़वाली, भक्ति और बॉलीवुड गीतों में धमाकेदार प्रस्तुति देकर वाहवाही लूटी। डांस प्रतियोगिता के युवा वर्ग में पहले स्थान पर नीरज सजवाण, दूसरे पर शुभम रावत और विदीत पंवार तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में ईशिता नेगी ने पहला, कनिका पुंडीर ने द्वितीय और अंशिका रावत ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। एकेडमी के निदेशक अभिषेक भट्ट का कहना है कि पहाड़ में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। आवश्यकता इस बात की है कि उनकी पहचान कर उचित मार्गदर्शन और सही मंच मुहैया कराया जाए। उन्होंने कहा कि जिले में शीघ्र ही राज्य स्तरीय डांस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।