नई टिहरी। बौराड़ी में सर्किट हाउस निर्माण की स्वीकृति देते हुए शासन ने 42 लाख रुपये की धनराशि प्रथम किस्त के रूप में जारी कर दी है। लोनिवि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करवाएगा।
जिला मुख्यालय में सर्किट हाउस न होने के कारण प्रशासन को आने वाले वीवीआईपी, वीपीआई को ठहराने में पसीने छूटते हैं, जिसको देखते हुए लंबे समय से जनप्रतिनिधि सर्किट हाउस निर्माण की मांग कर रहे थे। सितंबर 2017 में जिले के भ्रमण पर आए सीएम त्रिवेंद्र रावत ने स्थानीय विधायक धन सिंह नेगी की मांग पर सर्किट हाउस निर्माण की घोषणा कर लोनिवि प्रांतीय खंड बौराड़ी को जमीन तलाशने के निर्देश दिए थे। लोनिवि ने बौराड़ी में गुरुद्वारा के पास जमीन चिह्नित कर शासन को प्रस्ताव भेजा था। सीएम ने पांच करोड़ की लागत से बनाने वाले सर्किट हाउस निर्माण को स्वीकृति दे दी है। इसके लिए लोनिवि को 42 लाख की धनराशि भी जारी की है। लोनिवि ने भी धनराशि मिलते ही चयनित भूमि का मृदा परीक्षण का काम शुरू कर डीपीआर तैयार कर दी है, जिसमें आठ सूट का भव्य सर्किट हाउस बनाया जाएगा।
सर्किट हाउस का निर्माण पांच करोड़ की लागत से किया जाएगा। सरकार ने प्रथम चरण की किश्त के रूप में 42 लाख जारी कर दी है। वर्तमान में सर्किट हाउस को चिह्नित भूमि का मृदा परीक्षण करवाया जा रहा है। जल्द ही डीपीआर शासन को भेजी जाएगी।
-केएस नेगी, अधिशासी अभियंता लोनिवि बौराड़ी।