नई टिहरी। जिला पीआरडी संगठन की बैठक में लंबित समस्याओं के निराकरण की मांग की गई। उन्होंने एक सप्ताह में प्रशिक्षित जवानों को रोजगार न मिलने समेत अन्य मांगों का निराकरण न होने पर बेमियादी आंदोलन की चेतावनी दी।
संगठन के जिलाध्यक्ष प्रकाश रावत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कार्यालय कार्यों के अलावा अधिकारियों के घरों में घरेलू काम न करवाने, विभाग में अप्रशिक्षित बेरोजगारों का पंजीकरण न करने, संगठन को प्रशिक्षित एवं अप्रशिक्षित जवानों की सूची देने, समस्त पीआरडी जवानों को जिलास्तर पर बेल्ट एवं बैच आवंटित करने, सभी प्रशिक्षितों को रोजगार देने की मांग की। उन्होंने समस्याओं का एक सप्ताह में निराकरण न होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी। इस मौके पर पदम सिंह भंडारी, सुबोध उप्रेती, सरिता, कामिनी, गीता, सोनी आदि मौजूद थे।