कंडीसौड़ (टिहरी)। स्वैच्छिक चकबंदी मामले में लापरवाही बरतने पर डीएम से कंडीसौड़ तहसीलदार का वेतन रोक दिया है। जन सुविधा केंद्र में अनियमितताएं पाए जाने पर उसे सील कर दिया गया है। घुघुतीडूंग-मैंडखाल मोटर मार्ग पर घटिया निर्माण कार्य की शिकायत पर डीएम ने एसडीएम कंडीसौड़ को एक सप्ताह में जांच कर रिपोर्ट देने को कहा है।
कंडीसौड़ में मंगलवार को जिलाधिकारी सोनिका की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में 74 शिकायतें दर्ज की गई। इनमें 40 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष 34 शिकायतों के निस्तारण को डीएम ने अधिकारियों को 15 दिन का समय दिया है। ग्राम बगोड़ी और कंडीसौड़ के ग्रामीणों की ओर से स्वैच्छिक चकबंदी का प्रस्ताव देेने के बावजूद तहसीलदार द्वारा मौका मुआयना न करने को डीएम ने गंभीर लापरवाही मानते हुए तहसीलदार का वेतन रोकने के निर्देश दिए। ग्राम प्रधान कंडी गंभीर सिंह गुसाईं ने आईटीआई भवन निर्माण अधूरा होने और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छाम में दंत चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की। डीएम ने राजकीय निर्माण निगम को आईटीआई भवन पूरा करने के निर्देश दिए।
मंजोली के प्रधान भरोसा राम ने वर्ष 2017 में इंटर कालेज कमंाद की छात्राओं को गौरा देवी कन्याधन योजना का लाभ न मिलने की शिकायत दर्ज की। डीएम ने डीपीओ को नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष महावीर सिंह सेनवाल ने घुघुतीडूंग-मैंडखाल मोटर मार्ग पर घटिया निर्माण होने की शिकायत दर्ज की, जिस पर डीएम ने एसडीएम को जांच कर एक सप्ताह में रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। तहसील दिवस के बाद जिलाधिकारी ने जन सुविधा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। केंद्र में अनियमितताएं पाए जाने और रेट लिस्ट चस्पा न होने पर केंद्र को सीज कर दिया गया है। तहसील दिवस में ब्लॉक प्रमुख बबीता शाह आदि ने भाग लिया।