नई टिहरी। पुनर्वास की मांग को लेकर पिछले 32 दिन से आंदोलनरत टिहरी बांध प्रभावितों ने रविवार से प्रस्तावित भूख हड़ताल चार दिन के लिए स्थगित कर दी है। उच्च अधिकारियों के आश्वासन पर आंशिक डूब संघर्ष समिति ने यह निर्णय लिया है। धरना चलता रहेगा।
टिहरी बांध प्रभावित नंदगांव, भटकंडा, उठड़, चौपड़ा, पयालगांव खांड धारमंडल, रौलाकोट, गढोली (रैका) गांव के लोग पुनर्वास की मांग को लेकर 32 दिन से आंदोलनरत हैं। मांग के समर्थन में उन्होंने 24 जून से भूख हड़ताल शुरू करने का प्रशासन को अल्टीमेंटम दिया था। संघर्ष समिति के अध्यक्ष सोहन सिंह राणा ने बताया कि पुनर्वास निदेशालय और मुख्य वन संरक्षक ने उन्हें पुनर्वास के लिए चिह्नित की गई वन भूमि का प्रस्ताव 25 जून तक ऑन लाइन करने का आश्वासन दिया है। यदि निर्धारित तिथि तक कार्रवाई नहीं की गई, तो 27 जून से भूख हड़ताल शुरू करने को बाध्य होंगे। क्रमिक अनशन पर प्रदीप भट्ट व खिलानंद भट्ट बैठे रहे। शूरवीर सिंह, सुनीता रावत, एलमा देवी, रेखा भट्ट, मंजू पंवार, धनपाल बिष्ट, पुष्पा भट्ट, राकेश भट्ट आदि ने समर्थन दिया।