घनसाली (टिहरी)। भिलंगना ब्लॉक के ग्राम दुबडी डांगरेसा की एक विवाहित ने जहर खाकर आत्महत्या की। आत्महत्या करने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। दो साल पहले ही महिला की शादी हुई थी। मामले में मायके पक्ष की ओर अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है।
बीते बुधवार को ग्राम दुबडी डांगसेरा में अरविंद सिंह के घर पूजा थी। शाम को काम निपटाने के बाद अरविंद की पत्नी अंकिता (22) ने कमरे में जाकर दरवाजा बंद कर दिया, जब काफी देर तक अंकिता बाहर नहीं आई और आवाज देने पर दरवाजा नहीं खोला, तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ा। अंकिता कमरे में जमीन पर बेहोश पड़ी थी। परिजन उसे पिलखी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रभारी थाना अध्यक्ष सतीश चंदोला ने बताया कि शव जिला अस्पताल भेज दिया गया है। अंकिता का मायका रुद्रप्रयाग जिले के बुढना गांव में है। उसका पति देहरादून में एक कंपनी में काम करता है, जो इन दिनों घर आया हुआ है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मायके पक्ष की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है।