नई टिहरी। लगातार दूसरे वर्ष भी घाटे की जिला योजना पारित की गई। जिला नियोजन समिति की बैठक में वर्ष 2018-19 के लिए पिछले वर्ष के मुकाबले 21 फीसदी की कटौती गई है। बजट में कटौती किए जाने पर सदस्यों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए सरकार से योजना में बढ़ोत्तरी करने की मांग की।
जिला सभागार में प्रभारी मंत्री डा. धन सिंह रावत की अध्यक्षता में 52 करोड़ 37 लाख के बजट का अनुमोदन किया गया। उन्होंने 60 फीसदी धनराशि चालू योजनाओं पर और 40 फीसदी धनराशि नई योजनाओं पर खर्च करने के निर्देश दिए। टिहरी विधायक धन सिंह नेगी कहा कि जिला योजना में दो साल में योजना पूरा का काम करना है, लेकिन कई विभाग 2012 से योजनाएं पूर्ण नहीं कर लगातार बजट की मांग कर रहे हैं। प्रतापनगर विधायक विजय पंवार ने लोनिवि, जल संस्थान को अधिक धनराशि देने की मांग की। जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण ने पंचायतीराज विभाग की गत वर्ष की दो करोड़ धनराशि निर्गत करने की मांग की। मुरारीलाल खंडवाल समेत कई सदस्यों ने बजट में कटौती पर नाराजगी जताई। अमेंद्र बिष्ट ने जौनपुर के श्रीकोट में डीसीबी की शाखा खोलने की मांग की। सांसद मालाराज्य लक्ष्मी शाह ने प्राथमिक स्कूलों के भवनों के मरम्मत के लिए धनराशि देने को कहा।
इस मौके पर घनसाली विधायक शक्ति लाल शाह, देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी, धनोल्टी विधायक प्रीतम पंवार, प्रमुख जयपाल पंवार, कुंवर सिंह पंवार, आनंदी नेगी, बबीता शाह, अनीता निजवाला, परमवीर पंवार, केदार, अखिलेश उनियाल, आशुतोष कोठारी, राजेंद्र बिष्ट, गोविंद रावत, शांति प्रसाद भट्ट, विजयलक्ष्मी नौटियाल, राजेश्वरी जोशी, पीडी भरत भट्ट मौजूद थे।
मंत्री ने पढ़ाया इमानदारी का पाठ
नई टिहरी। प्रभारी मंत्री बनने के बाद पहली बार टिहरी पहुंचे उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डा. धन सिंह रावत ने इमानदारी का पाठ पढ़ाया। उन्होंने कहा कि पीएम से लेकर सीएम भ्रष्टाचार मुक्त सरकार दे रहे हैं। भ्रष्टाचार की शिकायत पर निलंबन किया जाएगा। प्रत्येक माह पांच दिन जिले का भ्रमण किया जाएगा, जिसमें दो दिन गांव में रात्रि प्रवास करेंगे।