नई टिहरी। कृषि विज्ञान केंद्र रानीचौरी में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों से रूबरू हुए। उन्होंने 2022 तक आय दोगुनी करने पर जोर दिया। उन्होंने खेती से जुड़े विभिन्न पहलुओं और सरकार की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी दी।
कृषि विज्ञान केंद्र से लाभान्वित किसानों को सीधे प्रधानमंत्री से जुड़ने का मौका मिला। प्रत्येक कृषि विज्ञान केंद्रों के माध्यम से पीएम वीडियो कांफ्रेंसिंग से किसानों से रूबरू हुए। पीएम ने किसानों को फसल, सब्जी उत्पादन, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, पशुपालन समेत कृषि से संबंधित अन्य जानकारियां दी। कहा कि जो किसान खेती कर आमदनी बढ़ा रहे हैं, उससे अन्य किसानों को भी प्रोत्साहन मिल रहा है। फसल बीमा योजना से होने वाले लाभों पर विशेष चर्चा की गई। प्रगतिशील किसानों ने अपने अनुभवों व कृषि विज्ञान केंद्रों से मिल रहे तकनीकी लाभों के बारे में बताया। पीएम ने अधिकाधिक किसानों को केवीके से जोड़कर कृषि, पशुपालन से जोड़ने पर जोर दिया। इस मौके पर कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी अधिकारी डा. आलोक येवले, ई. कीर्ति कुमारी, डा. तेजपाल बिष्ट, डा. अलंकार सिंह, शिखा, मनीष डबराल, विनोद चंद रमोला, उदय सिंह तड़ियाल, नरेंद्र पंवार, गीता देवी, सरस्वती देवी, सुशीला देवी, गुड्डी देवी आदि मौजूद थे।