नई टिहरी। सामाजिक संस्था सूचना सेवा और प्रगतिशील जन विकास संगठन की पहल पर मंगलवार को योजना मेला का आयोजन किया गया। मेले में लोगों को सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गई। स्थानीय लोगों ने बिजली, पानी और सड़क संबंधी 203 शिकायतें दर्ज कराई।
जीआईसी गजा में आयोजित मेले में ग्रामीणों ने बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, जंगली जानवरों से निजात दिलाने समेत 203 शिकायतें दर्ज करवाई। जिला उद्यान अधिकारी डा. डीके तिवारी ने उद्यानीकरण, सब्जी उत्पादन, सब्सिडी पर बीज, खाद, दवाएं समेत 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने के तरीके बताए। जिला समाज कल्याण अधिकारी अभिनाष भदौरिया ने बताया कि सभी पेंशन धारक अपने बैंक पासबुक को इंट्री करवाएं। आजीविका परियोजना के सहायक प्रबंधक जगमोहन सिंह ने किसानों की आय बढ़ाने की जानकारी दी। सूचना सेवा के जिला प्रभारी बृजेश धर्मा और प्रगतिशील जन विकास संगठन के अध्यक्ष दिनेश प्रसाद उनियाल ने कहा कि योजना मेला लगाने का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण करना है। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य अनिल भंडारी, सिविल सोसाइटी नकोट के अध्यक्ष विक्रम रावत, प्रधान मान सिंह चौहान, कुंवर सिंह चौहान, राजवीर चौहान, दिनेश खाती, मनजीत नेगी, प्रवीण पंवार, प्रवीण उनियाल, सुशील सकलानी, बिजेंद्र खाती, टंखी सिंह नेगी, रमेश चौहान आदि मौजूद थे।