नई टिहरी। टीएचडीसी हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज के उपनल कर्मियों ने संस्थान निदेशक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। निदेशक को हटाने की मांग को लेकर उपनल कर्मियों ने मंगलवार से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। उपनल कर्मियों ने तकनीकी विवि के कुलपति को ज्ञापन प्रेषित किया।
उपनल कर्मचारियों ने संस्थान निदेशक पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। कुलपति को भेजे ज्ञापन में कर्मचारियों ने कहा है कि निदेशक अक्सर गाली-गलौज करते हैं। निदेशक को हटाने की मांग को लेकर कर्मचारियों ने मंगलवार को कार्य बहिष्कार किया। ज्ञापन पर राजेंद्र नेगी, नवजोत तड़ियाल, संजय पंवार, विकास बिष्ट, धीरेंद्र नेगी, देवराज नौटियाल आदि के हस्ताक्षर हैं।
इधर, परिसर निदेशक प्रो. जीएस तोमर ने बताया कि वर्षों से एक ही पद पर जमे कुछ कर्मचारियों का उन्होंने दूसरे स्थान पर स्थानांतरण किया था। उन्होंने आदेश का पालन नहीं किया। कार्यालय में आकर मुझे स्थानांतरण रद्द करने की धमकी देने लगे। ऐसे कर्मचारियों को संस्थान से हटाने के लिए आज ही उपनल निदेशक को पत्र भेज दिया गया है।