नई टिहरी। उत्तराखंड बोर्ड का हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद शिक्षा विभाग इन दिनों शिक्षकों का रिपोर्ट कार्ड तैयार में जुट गया है। शत प्रतिशत परीक्षा परिणाम देने वाले शिक्षकों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। जिरो प्रतिशत परीक्षा परिणाम वाले शिक्षकों की प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज की जाएगी। 50 प्रतिशत से कम परीक्षा परिणाम पर शिक्षकों को चेतावनी पत्र जारी किया जाएगा। बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रत्येक ब्लॉक के पांच-पांच मेधावी छात्र-छात्राओं को जिलास्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
नए शिक्षा सत्र 2018-19 में शिक्षा व्यवस्था को ओर अधिक बेहतर बनाने के लिए शिक्षा विभाग अभी से तैयारियों में जुट गया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी दिनेश चंद्र गौड़ ने बताया कि बोर्ड परीक्षा परिणाम के आधार पर प्रत्येक स्कूल के शिक्षकों का विषयवार रिपोर्ट कार्ड तैयार किया जा रहा है, जिन विद्यालयों का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा है वहां के प्रधानाचार्य और विषय शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। सीईओ गौड़ ने बताया कि जिरो प्रतिशत परीक्षा परिणाम देने वाले शिक्षकों की प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज की जाएगी। आगामी वर्ष में परीक्षा परिणाम बेहतर रहे इसके लिए जिन शिक्षकों का परीक्षा परिणाम अपने विषयों में 50 प्रतिशत से कम रहा है, उन्हें चेतावनी पत्र भी जारी किया जाएगा।