लंबगांव (टिहरी)। प्रतापनगर ब्लॉक में ओण पट्टी के ग्राम पंचायत खोलगढ़ पल्ला में बुधवार शाम गुलदार ने एक बच्चे पर हमला कर दिया। बच्चे की मां और बहन ने हिम्मत दिखाते हुए बच्चे को गुलदार के मुंह से छीनकर उसकी जान बचाई। जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती घायल बच्चे की स्थिति में सुधार बताया गया है।
ओण पट्टी के ग्राम खोलगढ़ में बुधवार शाम को सिद्धार्थ (9) पुत्र रणदीप सिंह अपनी मां सरोजनी देवी व बहन शालिनी (7) के साथ आंगन के पास बने शौचालय में जा रहा था, तभी घात लगाए बैठे गुलदार ने सिद्धार्थ पर हमला कर दिया। इसी बीच साथ में चल रही मां ने बच्चे का हाथ पकड़ लिया और शोर मचाया। साथ में चल रही बहन ने भी गुलदार पर पत्थर फेंकने शुरू किए। करीब दो-तीन मिनट तक मां-बेटी गुलदार से जूझते रहे और बाद में गुलदार ने बच्चे को छोड़ दिया। गुलदार ने बच्चे की गर्दन पर हमला किया था, जिससे उसकी गर्दन में घाव हो गया। घायल बच्चे को सीएचसी प्रतापनगर में भर्ती कराया, जहां से डाक्टरों बच्चे को जिला चिकित्सालय बौराड़ी के लिए रेफर कर दिया। बच्चे की स्थिति में कुछ सुधार बताया गया है। ग्रामीणों ने गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है। बृहस्पतिवार को मौके पर पहुंची रेंजर लक्की शाह ने परिजनों को घायल बच्चे के इलाज का खर्चा उठाने और जल्द पिंजरा लगाने का आश्वासन दिया।