चंबा (टिहरी)। श्रीदेव सुमन विवि प्रशासन ने सत्र 2018-20 के लिए बीएड प्रवेश परीक्षा का कार्यक्रम घोषित कर दिया। बीएड प्रवेश परीक्षा में शामिल होने के लिए छात्र-छात्राएं 25 अप्रैल से 23 मई तक ऑन लाइन आवेदन जमा कर सकते हैं। 10 जून को बीएड की प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस सत्र में बीएड में 500 सीटों का इजाफा हुआ है। गढ़वाल मंडल के राजकीय महाविद्यालय श्रीदेव सुमन विवि से संबद्ध होने से बीएड में सीटों की संख्या बढ़कर अब 3400 हो गई है।
श्रीदेव सुमन विवि प्रशासन सत्र 2018-20 में बीएड में प्रवेश के लिए राजकीय महाविद्यालयों और स्ववित्त पोषित बीएड कॉलेजों की संयुक्त प्रवेश परीक्षा आयोजित करेगा। विवि के सहायक परीक्षा नियंत्रक डा. हेमंत बिष्ट ने बताया कि 25 अप्रैल से छात्र-छात्राएं बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए ऑन लाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 5 जून निर्धारित की गई है। सामान्य वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए एक हजार और आरक्षित वर्ग के लिए छह सौ रुपये प्रवेश शुल्क निर्धारित किया गया है। बताया कि 10 जून को गोपेश्वर, अगस्त्यमुनि, श्रीनगर, कोटद्वार, टिहरी, उत्तरकाशी, देहरादून और हरिद्वार में प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी।
विवि के पास अब तक 29 स्ववित्त पोषित बीएड कॉलेजों की परीक्षा की जिम्मेदारी थी, लेकिन सत्र में गढ़वाल मंडल के राजकीय महाविद्यालय श्रीदेव सुमन विवि से संबद्ध हो गए हैं। पीजी कॉलेज गोपेश्वर, कोटद्वार, अगस्त्यमुनि, डाक पत्थर, जयहरीखाल, महाविद्यालय बेदीखाल और नैनीडांडा में बीएड के लिए 50-50 सीटें निर्धारित है। पहले विवि में बीएड के लिए 2900 सीटें निर्धारित थी। अब पीजी कॉलेज संबद्ध होने से बीएड की सीटों की संख्या बढ़कर 3400 तक पहुंच गई है।