नरेंद्रनगर (टिहरी)। प्रदेश की सभी 667 न्याय पंचायतों में किसान यंत्र बैंक खोले जाएंगे। इनमें 300 पहले चरण में और शेष 367 दूसरे चरण में खोले जाएंगे। सोमवार को यहां सहकारिता विभाग की पहल पर कृषि कल्याण योजना के तहत आयोजित कृषि ऋण मेले में प्रदेश के कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने यह घोषणा की। मेले में 534 काश्तकारों को दो करोड़, 78 लाख 50 हजार रुपये का ऋण वितरित किया गया। कृषि क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले 11 काश्तकारों को एक-एक लाख के चेक भेंट किए गए।
झंडा मैदान में आयोजित कृषि ऋण वितरण मेले का शुभारंभ कृषि मंत्री सुबोध उनियाल और सहकारिता राज्य मंत्री डा. धन सिंह रावत ने किया। कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश के 95 विकासखंडों में एक-एक गांव को कृषि क्षेत्र में नमूने के तौर पर काम करने के लिए चुना गया है, जिन्हें एक करोड़ की धनराशि दी जा रही है। नरेंद्रनगर विकासखंड के दिउली खर्की गांव का इस कार्य के लिए चयन किया जा चुका है। प्रदेश सरकार सभी 95 विकाखंडों में एक मॉडल विलेज बनाने की दिशा में कार्य कर रही है, जिसमें कृषि, पशुपालन, उद्यान, रेशम, मौन पालन, जड़ी-बूटी के अलावा बकरी पालन और कृषि से जुड़े अन्य व्यवसायों को प्रोत्साहन दिया जाएगा।
सहकारिता एवं उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डा. धन सिंह रावत ने कहा कि टिहरी जिले में अब तक सहकारिता के माध्यम से 4300 काश्तकारों को दो प्रतिशत ब्याज पर तीन वर्ष के लिए एक-एक लाख रुपये की धनराशि दी जा चुकी है। जो धनराशि जिस कार्य के लिए दी जा रही है, उसका उपयोग उसी कार्य में किया जाना चाहिए। प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार को रोकने के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर ही है, जिसके तहत अब तक सहकारिता के क्षेत्र में पांच सचिवों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।
इस मौके पर पूर्व दर्जाधारी ज्ञान सिंह नेगी, उत्तराखंड सहकारी समिति संघ के अध्यक्ष घनश्याम नौटियाल, बीसीबी के अध्यक्ष रजनीकांत सुरीरा, पालिकाध्यक्ष मुनिकीरेती शिवमूर्ति कंडवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजपाल पुंडीर, मंडल सहकारी समिति के उपनिबंधक आनंद शुक्ला, जिला सहकारी समिति के सचिव मुकेश माहेश्वरी, सोबन सिंह नेगी, राजेंद्र भंडारी, सत्येंद्र रावत, गजेंद्र खाती आदि उपस्थित रहे।