घनसाली (टिहरी)। नव गठित नगर पंचायत क्षेत्र घनसाली और चमियाला में लगातार बढ़ती आबादी के कारण पेयजल की समस्या बनी हुई है, जिससे उपभोक्ताओं को पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। क्षेत्र के लोगों ने बालगंगा और भिलंगना नदी से पंपिंग योजना बनाने की मांग की है।
भिलंगना क्षेत्र की चमियाला और घनसाली बाजार की आबादी लगातार बढ़ती जा रही है, जिसके आधार पर दोनों कस्बों को नगर पंचायत का दर्जा दिया है। लगातार बढ़ रही आबादी के साथ नगरवासियों को पेयजल समस्या से जूझना पड़ रहा है। वर्ष 2012-13 में चमियाला के लिए छतियारा-सेंदुल और घनसाली के लिए वर्ष 2010-11 में राणीगढ़ -घनसाली पेयजल योजनाओं का निर्माण किया गया था, लेकिन दोनों योजनाओं से पर्याप्त जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। इससे नगरवासियों को एक समय में आधा घंटे ही पानी मिल पा रहा है। क्षेत्र के डा. नरेंद्र डंगवाल, हर्षमणी उनियाल, गोविंद सिंह, उम्मेद सिंह नेगी, सूरत सिंह, गैणा सिंह, राजेंद्र परमार, जयवीर सिंह, लाखीराम तिवाड़ी, गोविंद प्रसाद, शंकर पाल, नगेंद्र सजवाण, विजय सिंह, साब सिंह ने बताया कि दोनों नगर पंचायत क्षेत्र में आबादी बढ़ने से पानी की समस्या भी बढ़ने लगी है। उन्होंने तीन माह पहले सीएम की घोषणा के अनुरूप बालगंगा और भिलंगना नदी से पंपिंग योजना का निर्माण शुरू करने की मांग की है। जल निगम के ईई नवनीत कटारिया कोई जानकारी देने से इनकार किया है।