नई टिहरी। प्रदेश सरकार के एक साल पूरा होने पर स्थानीय विधायक धन सिंह नेगी के आवास पर कार्यकर्ताओं ने मिष्ठान वितरण कर खुशी का इजहार किया। विधायक ने कहा कि सरकार ने एक साल में टिहरी विधानसभा के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं की स्वीकृतियां देकर गरीब और निर्धन लोगों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई है।
पत्रकार वार्ता में विधायक धन सिंह नेगी ने कहा कि टिहरी विधानसभा में रिकार्ड कार्य एक साल में संपादित हुए हैं। जिला अस्पताल में डॉक्टर, डिजिटल एक्सरे मशीन, सोलर प्लांट, आपरेशन थिएटर का निर्माण, चंबा-मसूरी फलपट्टी के काश्तकारों को भूमिधरी अधिकार देने, चंबा में सब मंडी, टिहरी और चंबा नगर पालिका को ट्रैचिंग ग्राउंड, हॉस्पिटल में पार्किंग, नागणी में एक करोड़ की लागत से किसान संग्रहण केंद्र, सात पंपिंग योजनाओं के अधूरे निर्माण को नाबार्ड से बजट आवंटन, तीन करोड़ की लागत से जीआइसी छापराधार, ज्ञानसू का निर्माण, 20 लाख से ईको पार्क का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया गया है। इस मौके पर जिला महामंत्री विनोद रतूड़ी, अनुसूया नौटियाल, रामलाल नौटियाल, विक्रम कठैत, उदय रावत, नरेश नेगी, गिरवीर, जगदंबा बेलवाल, सुंदर सिंह रावत, बलवीर नेगी, डीडी नौटियाल, विजय कठैत, धर्म सिंह रावत, मदन डबराल आदि मौजूद थे।