नई टिहरी। ऑलवेदर रोड निर्माण में लगी कार्यदायी संस्थाओं की कार्यशैली से परेशान ग्रामीणों ने रोष व्यक्त किया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण का मलबा हेंवल नदी से लेकर आसपास के गांव के ऊपर डाला जा रहा है। ऐसे में बरसात में मलबा गांव के ऊपर आपदा ला सकता है।
शनिवार को हेंवलघाटी के ग्रामीणों ने डीएम से मुलाकात कर समस्याओं से अवगत कराया। ग्रामीण अरण्य रंजन, पदम सिंह पंवार, प्रेम सिंह सजवाण, रविंद्र सजवाण, सुरजीत सिंह आदि ने बताया कि खाड़ी-चौंपा-उद्खंडा लिंक मोटर मार्ग के पास हेंवल नदी में डंपिंग जोन बनाया गया है, जहां पर नदी के ओर सुरक्षा दीवार का समेत अन्य उपाय नहीं किए हैं, जिससे मलबा सीधे नदी में जा रहा है। साथ ही आमसेरा सेलुपानी में नदी के आधे भाग में मिट्टी डालकर उसके ऊपर क्रशर लगा दिया गया है। नदी और आसपास के गांवों में मलबा गिराए जाने से बारिश के दिनों में बाढ़ एवं आपदा का खतरा बढ़ सकता है।