नई टिहरी। लोनिवि की लापरवाही गोदड़ी, क्यार्की और गढ़वालगाड़ गांव के लोगों पर भारी पड़ रही है। स्यांसू-गढ़वालगाड़ मोटर मार्ग निर्माण पर एक करोड़ खर्च होने के बाद भी लोगों को सड़क यातायात का लाभ नहीं मिल पा रहा है। स्यांयू से भैंगा तक छह किमी आधा-अधूरा सड़क निर्माण कर लोनिवि से उसे छोड़ दिया है। स्थानीय लोगों की शिकायत पर डीएम सोनिका ने लोनिवि के ईई केएस नेगी से सड़क निर्माण पर हुए खर्चे की पत्रावली तलब की।
स्यांयू से गढ़वालगाड़ तक 12 किमी सड़क निर्माण की स्वीकृति 2006 में मिली थी। एक करोड़ 50 लाख की लागत से सड़क का निर्माण होना था। वर्ष 2010 में स्यांयू से भैंगा तक छह किमी सड़क निर्माण कर कार्य आगे का काम छोड़ दिया है। आधा-अधूरी सड़क निर्माण होने से गोदड़ी, क्यार्की, गढ़वालगाड़ के लोगों को सड़क का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों को गैरी-बेथाणा-कोरदी मोटर मार्ग से होकर जाना पड़ रहा है। मार्ग से आवागमन करने के लिए ग्रामीणों को गांव तक पहुंचने के लिए 12 किमी की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष रामलाल नौटियाल का कहना है कि स्यांसू-गढ़वालगाड़ मार्ग निर्माण के लिए वर्ष 2010 में अधिग्रहण किए गए खेतों का प्रतिकर का भुगतान भी लोगों को अब तक नहीं हो पाया है। स्यंायू-गढ़वालगाड़ मोटर मार्ग बनता है, तो ग्रामीणों को इसका लाभ होगा। शिकायत पर डीएम ने लोनिवि के ईई को सड़क का निरीक्षण कर हफ्तेभर में रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। इधर, ईई केएस नेगी ने बताया कि यह कार्य उनके कार्यकाल से कई वर्ष पूर्व का है, जांच के बाद ही वे सही स्थिति बता सकते हैं।