नई टिहरी। सरकारी विभाग जल संस्थान का लाखों का पानी गटक कर बिल देना भूल गए। नोटिस देने के बाद बिल जमा न करने पर जल संस्थान ने अब पानी का कनेक्शन काटने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। ऐसी स्थिति में जिला अस्पताल बौराड़ी, पोस्ट ऑफिस, लोनिवि में जाने वाले लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ सकता है।
जिला मुख्यालय में स्थित सरकारी विभागों से पानी के बिल वसूलने में जल संस्थान को इन दिनों पसीना बहाना पड़ रहा है। लाखों का पानी पीने के बाद सरकारी विभाग बिल देने को तैयार नहीं है। इस स्थिति में जल संस्थान ने अब सरकारी कार्यालयों में पानी का कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार को एक बैंक का पानी का कनेक्शन काट दिया। जल संस्थान के ईई सतीश चंद्र नौटियाल ने बताया कि जिला अस्पताल बौराड़ी पर नौ लाख 13 हजार, पालिका पर 4 लाख 95 हजार, संस्कृत महाविद्यालय पर 4 लाख 66 हजार, पीजी कॉलेज नई टिहरी पर 5 लाख 87 हजार, पोस्ट आफिस पर तीन लाख 37 हजार, बेसिक पाठशाला पर पांच लाख पांच हजार, मॉडल स्कूल पर 4 लाख आठ हजार, लोनिवि प्रांतीय खंड पर एक लाख का बकाया चल रहा है। 20 मार्च तक बिल जमा न करने पर विभागों के कनेक्शन काट दिए जाएंगे। ईई नौटियाल ने बताया कि गर्मी के मौसम को देखते हुए विभाग ने एक अप्रैल से उपभोक्ताओं को अग्रिम आदेशों तक नया कनेक्शन न देने का निर्णय लिया है।