चंबा (टिहरी)। तीन दशक बाद भी चंबा-मख्लवाणु-भेदुड़ी मोटर मार्ग को स्वीकृति न मिलने का मामला पीएमओ (प्रधानमंत्री कार्यालय) पहुंच गया है। पुरसोल गांव की प्रधान ने इस बाबत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भेजकर सड़क न होने के कारण आ रही समस्याओं के बारे में बताया।
ग्राम पंचायत पुरसोल के भेदुड़ी, मख्लवाणु और उनियाल गांव के ग्रामीणों के लिए गांव तक सड़क पहुंचना सपना ही रह गया है। क्षेत्र के ग्रामीण 1985 से गांव तक सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं। मगर अभी तक गांव के सड़क सुविधा से न जुड़ पाने के कारण ग्रामीणों को तीन से चार किमी की पगडंडी नापनी पड़ती है। खासतौर पर बीमारी के समय गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को सड़क तक पहुंचाना टेढ़ी खीर हो जाता है। ऐसे में ग्रामीणों की समस्याओं को देखते हुए प्रधान लीला देवी ने पीएमओ को पत्र भेजकर गांव तक सड़क पहुंचाने की मांग की है। उन्होंने पत्र में लिखा है कि पंचायत की बैठक में सभी ग्रामीणों ने एकमत से गांव तक सड़क न पहुंचने पर पलायन करने का निर्णय लिया है। ऐसे में यदि शीघ्र सड़क को स्वीकृति नहीं मिलती, तो मजबूरन ग्रामीण गांव छोड़ने को विवश होंगे। प्रधान संगठन के पूर्व अध्यक्ष सेवानिवृत्त कै. भगवान सिंह कुंवर का कहना है कि गांव तक सड़क न पहुंचने के कारण ग्रामीण विकास की दौड़ में पिछड़ रहे हैं।