नई टिहरी। राज्य आंदोलनकारी स्व. इंद्रमणी बडोनी के गांव अखोड़ी में 14 मार्च को जिले की सबसे बड़ी पंचायत लगेगी, जिसमें जिले के विकास की योजनाओं का वार्षिक खाका तैयार कर बजट पारित किया जाएगा। साथ ही ग्रामीण भी जनप्रतिनिधियों के ओर से सदन में उठाए जाने वाले सवाल-जवाब से रूबरू हो सकेंगे।
जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण की पहल पर पहली बार जिला पंचायत की बैठक पहली बार अपने सभागार से बाहर खुली पंचायत में होगी। बैठक राजकीय इंटर कालेज के खुले प्रांगण में होगी, जिसमें जिला पंचायत सदस्य से लेकर अधिकारी जमीन में बैठक कर सवाल जवाब करेंगे। ग्रामीण अधिकारियों एवं सदस्यों का तिलक लगाकर, पारंपरिक वाद यंत्रों से स्वागत करेंगे। इसके साथ ही पंगत में बैठक कर भडडू की दाल और भात भी परोसा जाएगा। अपर मुख्य अधिकारी दुर्गा सिंह चौहान ने बताया कि 14 मार्च को 11 बजे से होने वाली बैठक को लेकर सभी तैयारियों पूरी की जा रही है।