नई टिहरी। जिला खेल विभाग की ओर से आयोजित दो दिवसीय अंडर-17 बालक और महिला ओपन खो-खो प्रतियोगिता ने खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। बालक वर्ग में जीआईसी मोलधार और महिला में एसआरटी चंबा विजेता रहा।
बौराड़ी स्टेडियम में आयोजित दो जिलास्तरीय खो-खो के बालक वर्ग के पहले मैच में जीआईसी मोलधार ने पैन्यूला को 10-6 से, दूसरे मैच में पीआईसी बौराड़ी ने भागीरथीपुरम को 10-6, तीसरे मैच में न्यू टिहरी ने एनटीआईएस को 8-3 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। महिला ओपन के प्रथम मैच में एसआरटी ने सेंट एंथोनी को 8-4 से, द्वितीय में राउमा विद्यालय ने बौराडी क्लब बी को 6-2 से, तृतीय में एसआरटी चंबा ने बौराड़ी क्लब ए को 4-1 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। पालिका सभासद चिरंजीव तिवारी ने मैच का शुभारंभ किया। इस मौके पर निर्णायक बीएस धनोला, अर्जुन बलूनी, मंजीत नेगी, दिनेश सैलानी, यजुवेंद्र चौहान, राहुल नेगी, उमा खंडरी, ममता रावत, अनुराधा बधानी, जयंती नेगी, जितेंद्र नेगी, कपूर कुमाईं, राहुल नेगी आदि मौजूद थे।