नैनबाग(टिहरी)। जीआईसी नैनबाग में शिक्षकों की कमी छात्रों पर भारी पड़ रही है। प्रधानाचार्य समेत सात शिक्षकों के स्थानांतरण हो गए हैं, जिससे मार्च में होने वाली बोर्ड परीक्षा में 89 हाईस्कूल 113 इंटर वाले बोर्ड परीक्षार्थियों के आगे पढ़ाई का संकट हो गया है।
स्व. सरदार सिंह रावत राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज नैनबाग शिक्षकों की भारी कमी से जूझ रहा हैं। आदर्श विद्यालय में एक साथ आठ शिक्षकों के पद रिक्त होने से छात्र छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। यूपी कैडर के प्रधानाचार्य सहित जीव विज्ञान, संस्कृत, अंग्रेजी के प्रवक्ता, सहायक अध्यापक सामाजिक विज्ञान के यूपी कैडर में जाने, भाषा, सामाजिक विज्ञान के शिक्षकों की पदोन्नति के आधार पर कार्यमुक्त होने, सहायक अध्यापक गणित स्थानांतरण हुआ है, जबकि हाईस्कूल विज्ञान के शिक्षक 31 जनवरी को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। ऐसे में छात्र-छात्राओं के आगे पांच मार्च से होने वाली बोर्ड परीक्षा की तैयारियां अधर में लटकती नजर आ रही हैं। अभिभावकों ने विद्यालय में जल्द ही खाली हुए शिक्षकों के पदों को भरने की मांग की है। मुख्य शिक्षा अधिकारी दिनेश चंद गौड़ का कहना है कि प्रधानाचार्य व एलटी शिक्षकों की नियुक्ति के लिए शासन से होती है। तत्काल में शिक्षकों की कमी को देखते हुए विद्यालय में अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था की जाएगी।